Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने की स्वाति मिश्रा के ‘राम आएंगे, आएंगे… राम आएंगे’ भजन की सराहना

January 3, 2024

PM Modi ने की स्वाति मिश्रा के ‘राम आएंगे, आएंगे… राम आएंगे’ भजन की सराहना

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले ‘राम लला’ के स्वागत में बिहार की भजन गायिका स्वाति मिश्रा के गाए एक भजन की बुधवार को सराहना की और उसे सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे ‘मंत्रमुग्ध’ करने वाला बताया। बिहार के छपरा जिले की रहने वाली स्वाति मिश्रा ने तकरीबन दो महीने पहले अपने यू-ट्यूब चैनल पर ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे… राम आएंगे’ भजन साझा किया था। अब तक करोड़ों की संख्या में लोग उनके इस भजन को देख चुके हैं। उनके लाखों सब्सक्राइबर्स भी हैं। मोदी ने ‘एक्स’ पर उनके भजन का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘श्री राम लला के स्वागत में स्वाति मिश्रा जी का भक्ति से भरा यह भजन मंत्रमुग्ध करने वाला है।’’ उन्होंने इसके साथ ही हैशटैग ‘श्रीरामभजन’ भी लिखा।

उल्लेखनीय है कि साल 2023 के ‘मन की बात‘ की आखिरी कड़ी में प्रधानमंत्री ने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर पूरे देश में उत्साह व उमंग है और लोग अपनी भावनओं को अलग-अलग तरह से व्यक्त कर रहे हैं। आकाशवाणी के इस मासिक रेडियो कार्यक्रम के जरिए मोदी ने देशवासियों से अपने गीत व भजन हैशटैग श्रीरामभजन के साथ सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, ‘‘ये संकलन भावों का, भक्ति का, ऐसा प्रवाह बनेगा जिसमें हर कोई राम-मय हो जाएगा।’’ प्रधानमंत्री मोदी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें