वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज काशी दौरे पर है। उन्होंने काशी के वासियों को बहुत बड़ी सौगात भेंट की है। उन्होंने वाराणसी के सेवापुरी के गांव बनौली में 2183.45 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम मोदी काशी से दूसरी बार देश के 9.70 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भेजी। इसका लाभ काशी के 2.21 लाख किसानों को मिला। इससे पहले उन्होंने 18 जून 2024 को 9.26 करोड़ किसानों के खाते में सम्मान निधि भेजी थी।
सीएम योगी ने सेवापुरी के गांव बनौली में जनसभा स्थल पर पीएम मोदी का स्वागत किया। उन्होंने पीएम को स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहलगाम के अपराधियों को मिट्टी में मिलाकर, दुश्मनों का घर में घुसकर, ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन महादेव की सफलता के बाद पीएम मोदी का आगमन काशी में हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। पिछले 11 वर्ष में दुनिया के चार दर्जन से अधिक देशों ने पीएम को सर्वोच्च नागरिक का सम्मान प्रेषित किया है। पीएम मोदी के लोक और विश्व कल्याण के लिए दूरदर्शिता का लोहा पूरी दुनिया मानती है।
पीएम मोदी ने मंच से पांच दिव्यांगों को ऐसे आधुनिक उपकरण दिए जिससे उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाएगी। दृष्टिबाधित छात्रा को लो विजन चश्मा देकर उन्होंने बातचीत की। वहीं उपकरण जिले के 2025 दिव्यांगों को दिए जा रहे हैं। अब तक यह उपकरण बहुत महंगे होने के कारण आम लोगों की पहुंच में नहीं थे।
काशी में गरजे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सावन का महीना हो काशी जैसा पवित्र स्थान हो इससे बड़ा सौभाग्य और क्या होगा। उन्होंने काशी के लोगो को प्रणाम किया कहा आज आपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं। पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मांग रहा था कि सभी पीड़ित परिवारों को यह दुख सहने की हिम्मत दें। मैंने अपनी बेटियों को वचन दिया था, वह भी पूरा हुआ। जय महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ।
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत पर जो वार करेगा वो पाताल में भी नहीं बचेगा। दुर्भाग्य है कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से अपने देश के भी कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। ये कांग्रेस पार्टी और उनके चेले चपाटे इस बात को पचा नहीं पा रहे कि भारत ने आतंकियों के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया।