Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पीएम मोदी बोले, ‘कांग्रेस परजीवी पार्टी, चुनावी नतीजों के बाद इंडी गठबंधन का असली चेहरा उजागर’

November 24, 2024

पीएम मोदी बोले, ‘कांग्रेस परजीवी पार्टी, चुनावी नतीजों के बाद इंडी गठबंधन का असली चेहरा उजागर’

नई दिल्ली: भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अब एक परजीवी पार्टी बनकर रह गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस अब एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि अपने साथियों की नाव को भी डुबो देती है। आज महाराष्ट्र में भी हमने यही देखा है। महाराष्ट्र के इस चुनाव ने पूरे देश के सामने इंडी गठबंधन और अघाड़ी समूहों के असली चेहरों को उजागर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि, सत्ता की लालसा से प्रेरित होकर कांग्रेस उनकी पार्टी के एक धड़े को अपने साथ लेने में कामयाब रही लेकिन कांग्रेस का कोई भी नेता कभी भी बालासाहेब के सिद्धांतों की प्रशंसा नहीं कर सकता। इसलिए, मैंने अघाड़ी नेताओं को चुनौती दी कि वे कांग्रेस से बालासाहेब के सिद्धांतों और नीतियों की प्रशंसा करवाएं, लेकिन वे आज तक ऐसा करने में विफल रहे हैं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि पूरा देश बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान से चलेगा। जो भी सामने या पर्दे के पीछे देश में दो संविधान की बात करेगा, उसको देश पूरी तरह से नकार देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा बोया गया तुष्टिकरण का बीज इस परिवार द्वारा संविधान के साथ किया गया विश्वासघात है। दशकों तक कांग्रेस ने देश में यही खेल खेला है। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी कर तुष्टिकरण के लिए कानून बनाए। इसका एक ज्वलंत उदाहरण वक्फ अधिनियम है।

पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि अब दुनिया की कोई भी ताकत अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती।

उन्होंने कहा कि सत्ता भूख के कारण कांग्रेस ने संविधान की पंथ-निरपेक्षता की भावना को चूर-चूर कर दिया है। हमारे संविधान निर्माताओं ने उस समय विभाजन विभीषिका के बीच भी हिंदू संस्कार और परंपरा को जीते हुए पंथ-निरपेक्षता की राह चुनी थी। लेकिन, कांग्रेस परिवार ने झूठे सेक्युलरिज्म के नाम पर उस महान परंपरा को तबाह कर दिया। कांग्रेस ने तुष्टिकरण का जो बीज बोया वह संविधान निर्माताओं के साथ बड़ा विश्वासघात है। आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ परिवार है, देश की जनता नहीं। जिस पार्टी की प्राथमिकता जनता न हो, वह लोकतंत्र के लिए बहुत ही नुकसानदायक होती है। आज कांग्रेस का अर्बन नक्सलवाद भारत के सामने एक नई चुनौती बनकर खड़ा हो गया है। इन अर्बन नक्सलियों का रिमोट कंट्रोल देश के बाहर है और इसलिए सभी को अर्बन नक्सलवाद से बहुत सावधान रहना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश के हर राज्य का वोटर दूसरे राज्यों की सरकारों का आकलन भी करता है। वह देखता है कि जो बड़े-बड़े वादे करते हैं, उनकी परफॉर्मेंस दूसरे राज्यों में कैसी है। महाराष्ट्र की जनता ने भी देखा कि कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल में कांग्रेस सरकारें कैसे जनता से विश्वासघात कर रही हैं और यह आपको पंजाब में भी देखने को मिलेगा। इसलिए कांग्रेस के पाखंड को जनता ने खारिज कर दिया है।

मैंने लाल किले से कहा था कि मैं एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाना चाहता हूं, जिनके परिवार का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। आज एनडीए के अनेक ऐसे उम्मीदवारों को मतदाताओं ने समर्थन दिया है और मैं इसे बहुत शुभ संकेत मानता हूं। चुनाव आएंगे-जाएंगे, लोकतंत्र में जय-पराजय चलती रहेगी, लेकिन भाजपा का और एनडीए का ध्येय सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। हमारा ध्येय सिर्फ सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, हम देश बनाने के लिए निकले हैं, हम विकसित भारत बनाने के लिए निकले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि वह आराम से बैठने के लिए पैदा नहीं हुए हैं। वह दिन दूर नहीं जब भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। हम मिलकर आगे बढ़ेंगे, एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे और हर लक्ष्य को पाकर रहेंगे। हमारे जीवन का मंत्र है कि हमें सेवक बनकर देश के हर नागरिक की सेवा करनी है। हमें उन सपनों को पूरा करना है, जिन्हें आजादी के मतवालों ने भारत के लिए देखा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें