Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में न हो दिक्कत, NEET शुरू होने तक 45 मिनट एयरपोर्ट पर ही रुके PM मोदी

June 21, 2026

छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में न हो दिक्कत, NEET शुरू होने तक 45 मिनट एयरपोर्ट पर ही रुके PM मोदी

PM Modi stopped airport for 45 minutes: देशभर में आज लाखों छात्र NEET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक इंतजार किया

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी एक खास जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने NEET परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक इंतजार किया। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे से लौटकर रविवार दोपहर 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। सामान्य रूप से उन्हें एयरपोर्ट से सीधे अपने आवास जाना था, लेकिन उसी समय NEET परीक्षा के लिए छात्रों के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने का समय चल रहा था। प्रधानमंत्री के काफिले के कारण कहीं भी यातायात प्रभावित न हो और छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसलिए उन्होंने एयरपोर्ट पर ही रुकने का फैसला किया।

परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होने के बाद ही प्रधानमंत्री अपने आवास के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि पेपर लीक विवाद के कारण NEET परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है। इससे पहले 3 मई को आयोजित परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था, लेकिन पेपर लीक की शिकायतों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब लाखों छात्र फिर से परीक्षा दे रहे हैं।

सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी

परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कई स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे पेपर लीक से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें।

इस बार छात्रों को राहत देते हुए परीक्षा की अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी की गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे समाप्त होगी। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा और उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें