Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

2014 में जनता ने दिल्ली में बैठा दिया एक ‘चौकीदार’, यह कांग्रेस का बड़ा दुर्भाग्य…PM मोदी ने साधा निशाना

November 9, 2023

2014 में जनता ने दिल्ली में बैठा दिया एक ‘चौकीदार’, यह कांग्रेस का बड़ा दुर्भाग्य…PM मोदी ने साधा निशाना

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के करप्शन काल में बिचौलियों की मौज थी, लेकिन पार्टी का दुर्भाग्य रहा कि जनता ने 2014 में दिल्ली में एक ‘चौकीदार’ को बैठा दिया, जिसने कांग्रेस के इन सभी क्रियाकलापों पर ताला लगा दिया। पीएम मोदी मध्यप्रदेश के सतना में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

 

इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के चुनाव में हर वोट त्रिशक्ति के सामर्थ्य से भरा है। एक वोट यहां फिर से भाजपा सरकार बनाने जा रहा है, वही वोट दिल्ली में मोदी सरकार को मजबूत करेगा और वहीं वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को मध्यप्रदेश की सरकार से 100 कोस दूर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि एक वोट से तीन कमाल होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इस बार प्रदेश का चुनाव बड़ा दिलचस्प है।

 

माताएं-बहनें तय करेंगी भविष्य

इस बार प्रदेश का भविष्य माताएं-बहनें तय करने वाली हैं। मतदान में अभी दिन बचे हैं, पर इसके पहले ही कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा पंचर होकर फूट गया है। उसकी हवा निकल गई है। पीएम मोदी ने कहा कि जब गुब्बारे की हवा निकलती है तो वो इधर उधर जाता है, वैसे ही हालत कांग्रेस के नेताओं की भी हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे आजकल जहां भी जाते हैं, वहां भव्य श्री राम मंदिर की चर्चा चलती है। उन्होंने इसी क्रम में सुंदरकांड की पंक्ति ‘राम काजु कीन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम’ का संदर्भ देते हुए कहा कि यही पंक्ति बार-बार उनके मन में आती है और इससे उन्हें प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिस भक्ति से राम मंदिर बनाती हैं, उसी भक्ति से चार करोड़ घर बनाती है। अगर सरकार भव्य संसद परिसर बनाती है, तो 30 हजार पंचायतों के भवन भी उसी संविधान की श्रद्धा से बनाती है।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना का काम और तेज होगा

पीएम मोदी ने कहा कि 3 दिसंबर को भाजपा सरकार के लौटते ही प्रधानमंत्री आवास योजना का काम और तेज हो जाएगा। गरीब के बेटे को जनता ने दिल्ली भेजा है तो वो गरीब के लिए तो काम करेगा ही। उन्होंने कहा कि मोदी ने चार करोड़ घर बनाए, पर खुद के लिए घर नहीं बनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जनता का पैसा 2G, कोयला, कॉमनवेल्थ, हेलीकॉप्टर घोटाले में जाता था, लेकिन भाजपा सरकार आते ही मोदी ने ये सब बंद कर दिया। कांग्रेस के करप्शन काल में बिचौलियों की जो मौज थी, उस पर पीएम मोदी ने ताला लगा दिया।

 

इसी क्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस कैसे गरीबों का हक छीनती है, उसका प्रमाण है फर्जी लाभार्थी घोटाला। जितनी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की आबादी मिला कर है, कांग्रेस ने देश में उतने फर्जी लाभार्थी बना कर पैदा कर दिए थे। करीब 10 करोड़ नाम ऐसे थे, जिनका असल में जन्म ही नहीं हुआ था पर कांग्रेस सरकार उनके नाम पर पैसे निकालती थी और वो पैसा पार्टी के लोगों की जेब में जाता था। गरीब को राशन की दुकान पहुंचने पर पता चलता था कि उसका राशन कोई और ले गया।

 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का दुर्भाग्य रहा कि जनता ने 2014 में दिल्ली में एक चौकीदार को बैठा दिया और कांग्रेस के फर्जी लाभार्थी घोटाले पर ब्रेक लग गया। सरकार ने 100 करोड़ फर्जी लाभार्थी बाहर कर दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतना बड़ा नुकसान हो गया, इसीलिए वे उन्हें इतनी गालियां देते हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के दोनों बड़े नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दशकों से कांग्रेस चला रहे ये दोनों अब‘कपड़ा फाड़’नेता बन गए हैं। इन्हें बस राज्य कांग्रेस पर अपने बेटों को कब्जा करवाना है। पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि जहां कांग्रेस आई तबाही लाई। कांग्रेस की सरकार बनने पर भाजपा सरकार की सारी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें