Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

शादी के निमंत्रण कार्ड पर भी छाए PM MODI, अपील देखकर आप भी चौंक जाएंगे

February 20, 2024

शादी के निमंत्रण कार्ड पर भी छाए PM MODI, अपील देखकर आप भी चौंक जाएंगे

उज्जैन। लोकसभा चुनाव 2024 नजदीक है और इधर पूरे देश में शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में शादी के इस सीजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। नरेंद्र मोदी को लेकर दीवानगी इस हद तक है कि अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चे, बूढ़े और जवान हर व्यक्ति के लिए पहले से अधिक लोकप्रिय नेता बन चुके हैं। इन सब के बीच मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक शादी का कार्ड वायरल हो रहा है। इसमें 2024 में फिर से नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने की बात लिखी जा रही है। लोगों से इस कार्ड में आग्रह किया गया है कि इस बार फिर से पीएम मोदी को वापस लाएंगे। मतलब लोगों के मन में मोदी का जादू इस तरह सिर चढ़ा हुआ है कि अब मोदी को जिताने की अपील घर में होने वाले विवाह समारोह की पत्रिकाओं में भी संदेश के तौर पर की जा रही है।

उज्जैन में दौलतगंज स्थित बीज व्यवसाई बाबूलाल रघुवंशी और जितेंद्र रघुवंशी के घर होने वाले विवाह समारोह के निमंत्रण कार्ड के प्रथम पृष्ठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक स्लोगन दिया गया है। इसमें लिखा गया है कि पिछली बार तो लहर थी, अबकी बार सुनामी लाना है – 2024 में प्रधानमंत्री तो, मोदी जी को ही बनाना है।

रघुवंशी परिवार में हो रही शादी का यह कार्ड उज्जैन सहित बाहर के सभी रिश्तेदारों को भी भेजा गया है। दूल्हे के पिता अजरुन सिंह रघुवंशी का कहना है कि नरेंद्र मोदी ने सनातन धर्म और इस देश के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने बीते कई वर्षों से अधूरे पड़े कार्य को पूरा किया है और अयोध्या में राम मंदिर बनवाया है। जब वह हमारे धर्म के लिए इतना सब कुछ कर सकते हैं, तो हम भी उनके लिए कुछ तो कर ही सकते हैं। वहीं दूल्हे अश्विन रघुवंशी का कहना है कि यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि विवाह के निमंत्रण कार्ड पर पीएम मोदी का प्रचार हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें