Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi जीआईएस में मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों का करेंगे शुभारंभ : CM Mohan Yadav

February 18, 2025

PM Modi जीआईएस में मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों का करेंगे शुभारंभ : CM Mohan Yadav
CM Mohan Yadav : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को यहां दो दिवसीय वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन (जीआईएस) के उद्घाटन के दौरान मध्यप्रदेश की सभी नयी औद्योगिक नीतियों का शुभारंभ करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्घाटन सुबह करीब 10 बजे होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी जीआईएस परिसर में स्थापित किए जाने वाले ‘मध्यप्रदेश एक्सपीरियंस जोन’ का भी दौरा करेंगे। इस क्षेत्र में मध्यप्रदेश की विरासत, अबतक की प्रगति और भविष्य की आकांक्षाओं का प्रदर्शन डिजिटल रूप में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भोपाल में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय परिसर में 24 और 25 फरवरी को जीआईएस-2025 के आयोजन के लिए गठित शीर्ष समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक ‘समत्व भवन’ (मुख्यमंत्री निवास) में आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीआईएस को भव्य, सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें। जीआईएस का आयोजन मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और देश-विदेश से निवेशकों को आर्किषत करने के लिए किया जा रहा है।
एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री यादव के हवाले से कहा गया है कि इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां बड़े पैमाने पर की जानी चाहिए।सीएम यादव ने जीआईएस की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निवेशकों को आर्किषत करने के लिए राज्य की सभी औद्योगिक नीतियों, उद्योगों के लिए उपलब्ध व्यापक बुनियादी ढांचे और संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। मध्यप्रदेश को उद्योग-हितैषी राज्य बनाने के लिए निवेशकों को सभी जरूरी सहायता और सुविधाएं दी जानी चाहिए।
सीएम यादव ने कहा कि देश-विदेश से जीआईएस में भाग लेने भोपाल आने वाले निवेशक हमारे विशेष अतिथि हैं, इसलिए उनका पारंपरिक भारतीय आतिथ्य के अनुरूप स्वागत और अभिनंदन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों को यादगार बनाने के लिए मध्यप्रदेश की संस्कृति, इसकी परंपराएं, विभिन्न कला उत्पाद, भोजन, व्यंजन सहित अन्य चीजों को मेहमानों के सामने प्रर्दिशत किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की राजधानी और पूरे भोपाल शहर में तालाबों का सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी झील (ऊपरी झील) में ई-बैटरी संचालित नाव चलाई जानी चाहिए, ताकि निवेशक और अन्य प्रतिभागी भोपाल की अनूठी सुंदरता का आनंद ले सकें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह निवेशक शिखर सम्मेलन राज्य के औद्योगिक विकास को एक नया आयाम देगा और रोजगार के अवसरों को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान बताया गया कि जीआईएस में 60 से अधिक देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन में जिम्बाब्वे के उप मंत्री, 10 देशों के राजदूत, आठ देशों के उच्चायुक्त, सात देशों के महावाणिज्यदूत सहित कुल 133 विदेशी प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि देश के प्रमुख उद्योगपतियों सहित भारत की अग्रणी कंपनियों के 300 से अधिक चेयरपर्सन, प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) भी इसमें भाग लेंगे।
जीआईएस में छह विभागीय सम्मेलन, छह देश सत्र और 10 क्षेत्रीय सत्र आयोजित किए जाएंगे। अबतक इस आयोजन के लिए विभिन्न श्रेणियों में कुल 31,659 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 18,736 से अधिक प्रतिभागियों ने भोपाल आने की सहमति भी दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें