Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi दो दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे Kerala

January 16, 2024

PM Modi दो दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे Kerala

कोच्चिः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए मंगलवार शाम को केरल पहुंचेंगे। वह इस दौरान यहां एक रोडशो करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करेंगे और त्रिशूर जिले में दो प्रमुख मंदिरों के दर्शन करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मोदी के शाम करीब पांच बजे यहां नेदुम्बसेरी हवाई अड्डे पर पहुंचने की संभावना है और उसके बाद वह शाम छह बजे एर्नाकुलम शहर में एक रोड शो करेंगे।

उन्होंने बताया कि मोदी रोड शो के दौरान एक खुले वाहन से यात्रा करेंगे और महाराजा कॉलेज मैदान से करीब 1.3 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए एर्नाकुलम सरकारी अतिथि गृह पहुंचेंगे। सूत्रों ने बताया कि इसमें पांच लाख से ज्यादा लोगों के हिस्सा लेने की संभावना है। प्रधानमंत्री बुधवार सुबह साढ़े छह बजे गुरुवायूर मंदिर जाएंगे और भगवान श्रीकृष्ण के प्रसिद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वह इसके बाद अभिनय जगत से राजनीति में आए सुरेश गोपी की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होंगे।

सूत्रों बताया कि प्रधानमंत्री बुधवार को त्रिशूर जिले के त्रिप्रयार श्रीराम स्वामी मंदिर में भी पूजा अर्चना करेंगे और इसके बाद कोच्चि लौटेंगे। उन्होंने बताया कि कोच्चि के विलिंग्डन द्वीप में वह कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड अंतरराष्ट्रीय पोत मरम्मत केंद्र और नई सूखी गोदी राष्ट्र को सर्मिपत करेंगे। इसके बाद, वह पूर्वाह्न् 11 बजे यहां मरीन ड्राइव पर लगभग 6,000 शक्ति केंद्रों के प्रभारियों की एक पार्टी बैठक को संबोधित करेंगे।

भाजपा द्वारा मतदान केंद्रों को ‘शक्ति केंद्रों’ में विभाजित किया गया है और प्रत्येक में दो से तीन बूथ स्तर के इलाके होते हैं। इसके बाद मोदी शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप में 1,150 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था और उसके बाद भाजपा द्वारा त्रिशूर जिले में आयोजित महिला सम्मेलन में हिस्सा लिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें