Site icon Dainik Savera Times

PM Modi’s 2nd Day in Malaysia: कुआलालंपुर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, भारत-मलेशिया रिश्तों को मिली नई गति

PM Modi's 2nd Day in Malaysia

PM Modi's 2nd Day in Malaysia

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे के दूसरे दिन कुआलालंपुर में उनका औपचारिक और भव्य स्वागत किया गया। इसी के साथ ही परदाना पुत्रा बिल्डिंग में आयोजित समारोह में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया गया, जहां मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी उनके साथ मौजूद रहे।

दो दिवसीय यात्रा के तहत प्रधानमंत्री मोदी मलेशियाई नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर खुद प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।

डेलीगेशन स्तर की बातचीत में सहयोग पर जोर

औपचारिक वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच सहयोग लगातार नए आयाम छू रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, क्लीन एनर्जी और सेमीकंडक्टर जैसे अहम क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत हो रही है। इसके साथ ही स्किल डेवलपमेंट और कैपेसिटी बिल्डिंग में भी दोनों देश एक-दूसरे के महत्वपूर्ण भागीदार बन चुके हैं।

पीएम मोदी ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को लगातार सशक्त होने वाला बताते हुए ASEAN में मलेशिया की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत-ASEAN संबंधों को आगे बढ़ाने में मलेशिया का योगदान अहम रहेगा। साथ ही उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को द्विपक्षीय रिश्तों की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लगभग 30 लाख मलेशियाई नागरिक भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु की तरह हैं।

पीएम मोदी की सोशल मीडिया प्रतिक्रिया

मलेशिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से वे बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच मित्रता को और प्रगाढ़ करने की उम्मीद भी जताई।

ये भी पढ़ें: सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: ‘सुनामी झूला’ टूटकर गिरा, पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 लोग गंभीर घायल, देखें Video

कई अहम समझौतों की संभावना

रविवार को प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच विस्तृत वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश और नवाचार जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौतों पर सहमति बनने की उम्मीद है।

यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत, मलेशिया के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अगस्त 2024 में दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक उन्नत किया था, जिसके बाद आपसी सहयोग में लगातार विस्तार हो रहा है।

Exit mobile version