नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वे आध्यात्मिक और विकास से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरे का प्रमुख आकर्षण मांड्या जिले के श्री क्षेत्र आदिचुनचनगिरि में स्थित श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन है। यह मंदिर प्रख्यात संत श्री श्री श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है, जो अदिचुंचनगिरि मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मंदिर का लोकार्पण करेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। द्रविड़ शैली में निर्मित यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक भी माना जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री H. D. Deve Gowda भी मौजूद रहेंगे। दोनों नेता मिलकर “सौंदर्य लहरी” और “शिव महिम्ना स्तोत्रम्” जैसी महत्वपूर्ण धार्मिक पुस्तकों का विमोचन करेंगे।
समाज सेवा की विरासत को सम्मान
बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई संस्थानों की स्थापना कर समाज के कमजोर वर्गों तक सेवाएं पहुंचाईं और ‘सेवा ही सर्वोच्च पूजा है’ का संदेश दिया।
इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति
इससे पहले प्रधानमंत्री ने दिल्ली से देहरादून को जोड़ने वाले 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। लगभग 213 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके शुरू होने से यात्रा समय 5-6 घंटे से घटकर करीब 2 से 2.5 घंटे रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
ये भी पढ़ें…
वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण
अपने हालिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सहारनपुर में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा एक ओर जहां देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाला है, वहीं दूसरी ओर तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे और विकास की दिशा में सरकार के प्रयासों को भी दर्शाता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...