Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री ने CEC को ‘अंपायर’ बनाकर चुनावों में ‘मैच फिक्सिंग’ कराई, इस्तीफा दें : कांग्रेस

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से ‘अंपायर’ बनकर चुनावों में ‘मैच फिक्सिंग’ करने का आरोप लगाया और कहा कि कुमार को पद से हटाए जाने के साथ ही प्रधानमंत्री को भी नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। मुख्य विपक्षी दल ने अपनी शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में यह फैसला भी किया कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा और इसमें दूसरे विपक्षी दलों का भी सहयोग लिया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। खरगे ने कार्य समिति की बैठक में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग उठाई। बैठक में पारित प्रस्ताव में भी कहा गया कि प्रधानमंत्री को ‘नैतिकता के आधार पर’ त्यागपत्र दे देना चाहिए।

पार्टी ने कहा कि वह संसद, अदालतों और सड़कों पर तब तक अपना विरोध और प्रतिरोध करेगी जब तक दोषियों को दंडित नहीं किया जाता, प्रत्येक नागरिक की वोट सुरक्षित नहीं हो जाती और निर्वाचन आयोग को एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के रूप में पुनर्स्थापित नहीं किया जाता। बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, ज्ञानेश कुमार सिर्फ एक टूल हैं। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश के बिना वह कुछ नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी बनती है, इसलिए हम प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं।

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कार्य समिति की बैठक में ‘वोट चोरी’ विषय पर अपने विचार रखे तथा जोर दिया कि वह और कांग्रेस संसद से सड़क तक अपना विरोध और प्रतिरोध जारी रखेगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, कांग्रेस के कारण ही ‘वोट चोरी’ जैसे खुलासे सामने आ रहे हैं और राहुल गांधी पिछले 2 साल से इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

Exit mobile version