नेशनल डेस्क: कोलकाता में हुए चर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल के नए सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में कोलकाता पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो लोग बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और तीसरा आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी है। हालांकि, वह वर्तमान में बक्सर में रह रहा था।
ये भी पढ़ें: MP अमृतपाल सिंह की आज अमृतसर कोर्ट में पेशी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होंगे शामिल
जानकारी के अनुसार, तीसरे आरोपी राज सिंह को उत्तर प्रदेश के अयोध्या के नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ की तरफ से लखनऊ-गोरखपुर हाईवे के रास्ते आ रहा था। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कोलकाता पुलिस ने उसे हाईवे पर ही दबोच लिया हालांकि, स्थानीय पुलिस इस मामले में फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में हुए इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद से कोलकाता पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी, जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थीं। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि कोलकाता पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी साझा कर सकती है।
ये भी पढ़ें: नहीं रहे ये मशहूर एक्टर, सड़क हादसे में हुई मौत

