Site icon Dainik Savera Times

Haryana : पुलिस भर्ती 20 से, शारीरिक जांच पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में

Haryana Police

Haryana Police

अंबाला। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती के लिए फिजिकल मैनेजमेंट टेस्ट की घोषणा कर दी है। 20 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शारीरिक माप परीक्षा होगी। करीब 2.80 लाख आवेदकों में से मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए अभ्यर्थियों को इस परीक्षा के लिए बुलाया है।

अभ्यर्थियों को प्रतिदिन चार बैचों में बुलाया जाएगा। इसमें हर दिन लगभग 700 युवाओं का माप होगा। आयोग के सदस्य भूपेंद्र चौहान ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया करीब 60 से 80 दिनों तक चलने की संभावना है। सबसे पहले पुलिस विभाग के अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा, इसके बाद अन्य विभागों की कतार लगेगी। स्टेडियम के एंट्री गेट पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की गहन जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।

एक साथ होगी 21 अभ्यर्थियों की जांच

भर्ती में किसी भी तरह की धांधली या मानवीय त्रुटि की गुंजाइश खत्म करने के लिए HSSC ने इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। मुख्य हॉल में एक साथ 21 अभ्यर्थी जर्मनी की आधुनिक मशीनों पर अपनी लंबाई, वजन और छाती का माप दे सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी मशीन के मापन से असंतुष्ट है तो वह तुरंत अपील काउंटर पर जाकर दोबारा मापन की मांग कर सकता है।

सिखों और गर्भवती महिलाओं के लिए इंतजाम

आयोग ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सिख समुदाय के अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए उनके मापन के लिए अलग व्यवस्था की गई है और वहां सिख कर्मचारियों की ही ड्यूटी लगाई गई है। गर्भवर्ती अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य किया है। फिलहाल केवल पुरुष उम्मीदवारों का शेड्यूल जारी हुआ है, महिलाओं के लिए अलग से तारीखों का ऐलान होगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह

आयोग ने सख्त चेतावनी दी है कि कोई भी अभ्यर्थी शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए किसी भी तरह के ‘एनर्जी बूस्टर’ या प्रतिबंधित दवाओं का सेवन न करें। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जीरकपुर से सुबह 5 बजे से ही 10 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। स्टेडियम परिसर में सामान जमा करने के लिए बैगेज काउंटर और थके हुए अभ्यर्थियों के लिए रेस्ट एरिया भी बनाया गया है।

Also Read :

Exit mobile version