Site icon Dainik Savera Times

Aligarh में दर्दनाक सड़क हादसा : कैंटर से टकराई पुलिस की गाड़ी, एक सब इंस्पेक्टर समेत 4 की मौत

Police vehicle collides with tanker

Police vehicle collides with tanker

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक आरोपी को ले जा रही पुलिस की गाड़ी कैंटर से टकरा गई। इस हादसे में एक सब इंस्पेक्टर और अभियुक्त सहित कुल 4 लोगों की मौत हो गई है। मामला अलीगढ़ के लोधा थाना इलाके का है। बताया जा रहा है कि लोधा इलाके में पुलिस की गाड़ी एक आरोपी को ले जा रही थी, तभी पुलिस की गाड़ी की कैंटर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी में सवार एक सब-इंस्पेक्टर और आरोपी समेत चार लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य घायल हुए हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाया गया।

दो पुलिसकर्मी घायल

डीएसपी संजीव कुमार तोमर ने बताया, ‘पुलिस की गाड़ी चिकावती मोड़ से बुलंदशहर जनपद की ओर जा रही थी, जिसमें गुलशनवर नाम के अभियुक्त को लेकर पुलिस जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी की कैंटर से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर और आरोपी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। कुल मिलाकर तीन पुलिसकर्मी और एक आरोपी की मौत हो गई, जिसमें कुल चार लोगों की मौत हो गई। गाड़ी में छह लोग सवार थे, पांच पुलिसकर्मी और एक आरोपी गाड़ी में सवार थे। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नींद लगने के कारण यह हादसा हुआ होगा।’

टेम्पो और थार के परखच्चे उड़े

इससे पहले, 6 मई को बिजनौर के नूरपुर थाने के गुहावर चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए थे। इससे पहले, 3 मई को मथुरा में एक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि यह भीषण टक्कर थाना जैत क्षेत्र के छटीकरा देवी-आटस मार्ग पर कृष्णा कुटीर के समीप एक मोड़ पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार थार और सवारी टेम्पो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो और थार के परखच्चे उड़ गए।

Exit mobile version