Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुंछ आतंकी हमला: जम्मू में लोगों ने प्रदर्शन किया, पाक विरोधी नारे लगाये

April 21, 2023

पुंछ आतंकी हमला: जम्मू में लोगों ने प्रदर्शन किया, पाक विरोधी नारे लगाये

जम्मू : पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को हुए आतंकवादी हमले के खिलाफ जम्मू में लोगों ने शुक्रवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी की। भारतीय जनता पार्टी के नेता युद्धवीर सेठी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां कच्ची छावनी इलाके में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाये और तख्तियां लहराईं। बृहस्पतिवार को हुए आतंकी हमले में सेना के पांच जवानों की जान चली गयी।

सेठी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम अपने जवानों की मौत का बदला लेंगे। हम कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति को और मजबूत करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति और विकास को अवरुद्ध करने के लिए हमला किया गया, लेकिन प्रशासन झुकेगा नहीं। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बृहस्पतिवार को एक आतंकी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सेना ने यह जानकारी दी।

सेना ने एक बयान में कहा है कि हमले में शहीद होने वाले सैनिक राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के थे और इलाके में आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए तैनात किए गए थे। इस घटना के खिलाफ एक अन्य प्रदर्शन स्थानीय संगठन मिशन स्टेटहुड जम्मू कश्मीर ने किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पाकिस्तानी झंडे और पुतले जलाये। संगठन के अध्यक्ष सुनील डिंपल ने आरोप लगाया कि पुंछ हमला केंद्र और जम्मू कश्मीर प्रशासन की पूरी तरह नाकामी का परिणाम है। शिवसेना डोगरा फ्रंट ने भी पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में उसके सदस्यों ने कहा कि भारतीय सैनिकों को पाकिस्तान में आतंकवादी नेटवर्क को तबाह कर देना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें