Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Powergrid ने IIT रुड़की के साथ उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना के लिए किया समझौता ज्ञापन

December 6, 2024

Powergrid ने IIT रुड़की के साथ उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना के लिए किया समझौता ज्ञापन

गुरुग्राम: भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन ‘महारत्न’ केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम पावर ग्रिड कॉर्पोरशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) ने दिनांक 6 दिसंबर 2024 को आईआईटी रुड़की के साथ ₹20.73 करोड़ के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योगदान के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य संस्थान के कंप्यूटर केंद्र में तीन अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) को स्थापित कर प्रौद्योगिकी नवाचार को बढ़ावा देना है।

इस एमओयू पर हस्ताक्षर पावरग्रिड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, श्री आर. के. त्यागी, निदेशक (कार्मिक), डॉ. यतीन्द्र द्विवेदी, निदेशक (प्रचालन), श्री नवीन श्रीवास्तव, निदेशक (परियोजनाएं) श्री वामसी राम मोहन बुर्रा, कार्यपालक निदेशक(सीसी-सीएमजी), श्री विक्रम सिंह भाल, कार्यपालक निदेशक(सीएसआर एवं दक्षिणी क्षेत्र -I) श्री ए. नागराजू, कार्यपालक निदेशक(सीटीयूआईएल), श्री जसबीर सिंह, आईआईटी, रुड़की के निदेशक, प्रो. के. के. पंत एवं संस्थान कंप्यूटर केंद्र के प्रमुख प्रो. सतीश कुमार पेड्डोजू तथा दोनों संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किये गए।

श्री अरविंद कुमार राय, वरिष्ठ महाप्रबंधक (सीएसआर), पावरग्रिड और प्रो. आर.डी. गर्ग, डीन रिसोर्सेज एवं एलुमनाई, आईआईटी रुड़की ने पावरग्रिड के कॉर्पोरेट केंद्र में इन उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) की स्थापना के लिए इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए, जिसमें कैंपस यूएचएस नेटवर्क के लिए एक कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर, एक आईओटी अनुसंधान और अनुप्रयोग केंद्र, और साइबर सुरक्षा और मोबाइल सुरक्षा हैकथॉन लिए एक लैब और जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। इस पहल से आईआईटी, रुड़की के लगभग 11,000 ऑन-कैंपस छात्रों और अन्य लोगों को लाभ होने की उम्मीद है, जिससे अत्याधुनिक अनुसंधान और विकास को सक्षम किया जा सकेगा। 1847 में स्थापित आईआईटी, रुड़की एक राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रबंधन, वास्तुकला और योजना, और मानविकी और सामाजिक विज्ञान में उच्च शिक्षा प्रदान करता है।

कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पावरग्रिड के व्यापार मॉडल में निहित है और यह संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों से संगत है। पावरग्रिड अपनी सीएसआर पहलों से देश भर में आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में लगातार योगदान दे रहा है। 30 नवंबर 2024 तक, पावरग्रिड 280 सब स्टेशनों, 1,78,975 सीकेएम ट्रांसमिशन लाइनों और 5,45,961 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता को कमीशन कर संचालित कर रहा है। नवीनतम उपकरणों और तकनीकों को अपनाने, स्वचालन और डिजिटल समाधानों के उन्नत उपयोग के साथ, पावरग्रिड 99.80% की औसत ट्रांसमिशन सिस्टम उपलब्धता बनाए रखने में सक्षम रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें