Site icon Dainik Savera Times

राजनीति से दूर, बिजनेस और फिटनेस से प्रतीक यादव ने बनाई अलग पहचान, लग्जरी कारों का भी था शौक

prateek yadav

prateek yadav

नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव हमेशा राजनीति से दूर रहे। उन्होंने अपनी अलग पहचान बिजनेस और फिटनेस की दुनिया में बनाई थी। आज सुबह लखनऊ के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबी लोगों में शोक का माहौल है।

प्रतीक यादव का राजनीति से कभी सीधा संबंध नहीं रहा। वे ज्यादातर समय अपने व्यवसाय और फिटनेस पर ध्यान देते थे। लखनऊ में उनके कई जिम संचालित होते थे और वे खुद भी फिटनेस ट्रेनर के रूप में सक्रिय थे। शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी वे काफी जागरूक रहते थे।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का निधन, लखनऊ सिविल अस्पताल में ली आखिरी सांस

हालांकि एक समय ऐसा भी आया था, जब उनके राजनीति में आने की चर्चा तेज हो गई थी। नवंबर 2012 में कुछ समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पहुंचकर मांग की थी कि लोकसभा चुनाव में प्रतीक यादव को आजमगढ़ सीट से उम्मीदवार बनाया जाए। उस समय उनकी मां साधना गुप्ता और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी इस मांग का समर्थन किया था। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और वे राजनीति से दूर ही रहे।

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से कई बार प्रतीक को अपना बेटा बताया था।

प्रतीक और अपर्णा यादव की शादी साल 2011 में हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। इटावा के सैफई में उनकी शादी का समारोह काफी भव्य तरीके से आयोजित किया गया था, जिसमें मुलायम सिंह यादव सहित परिवार के कई बड़े नेता शामिल हुए थे।

ये भी पढ़ें: सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, सरकार ने 15% बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी, जानें बाजार पर कितना पड़ेगा असर

प्रतीक यादव को लग्जरी और स्पोर्ट्स कारों का भी काफी शौक था। अक्सर उन्हें लखनऊ की सड़कों पर महंगी गाड़ियां चलाते हुए देखा जाता था। उनके पास कई शानदार स्पोर्ट्स कारें थीं। बताया जाता है कि उनके पास एक हाई-पावर इतालवी स्पोर्ट्स कार थी, जिसकी रफ्तार 325 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती थी। इसके अलावा उनके काफिले में एक लग्जरी Lamborghini Aventador सुपरकार भी शामिल थी। इस कार में 6.5 लीटर का दमदार पेट्रोल इंजन दिया गया है। एक इंटरव्यू में प्रतीक यादव ने कहा था कि उन्होंने यह कार लोन लेकर खरीदी थी।

प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाकर फिटनेस, व्यवसाय और निजी जीवन को प्राथमिकता दी। यही वजह रही कि वे हमेशा सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चाओं से दूर अपनी अलग दुनिया में नजर आए।

Exit mobile version