Site icon Dainik Savera Times

महाराष्ट्र में MSRTC बस में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई, स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया

रायगढ़ : महाराष्ट्र के रायगढ़ में मुंबई-गोवा राजमार्ग पर महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई, जिसे बस चालक दल ने सुरक्षित रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह घटना शनिवार को रायगढ़ के कोलाड गांव के पास हुई।

घटना उस क्षेत्र में सामने आई, जहां मुंबई-गोवा राजमार्ग की गड्ढों वाली स्थिति को दूर करने के लिए मरम्मत का काम चल रहा है। आगामी गणोश उत्सव के मद्देनजर यातायात पुलिस ने उत्सव के समापन तक इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।रुद्रोली गांव की रहने वाली सुशीला रवि पवार दोपहर में वडखल में पनवेल-महाड बस में चढ़ी थी। यात्र के दौरान उसे गंभीर प्रसव पीड़ा का अनुभव होने लगा, जिससे साथी यात्रियों और बस चालक दल के बीच तत्काल चिंता पैदा हो गई।

बस चालक देवीदास जाधव और कंडक्टर भगवान परब ने असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए कोलाड स्थित अंबेवाडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर जाने के लिए बस का मार्ग बदल दिया।स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर, सुशीला रवि पवार को तत्काल चिकित्सा के लिए भर्ती कराया गया। बस चालक दल के समय पर हस्तक्षेप के कारण महिला की डिलीवरी हुई। मां और बच्चे दोनों को आवश्यक चिकित्सा देखभाल मिली।

Exit mobile version