अंबाला। प्रदेश में जनगणना का काम चल रहा है। यह काम हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए भारी पड़ रहा है। यही कारण है कि वे अधिकारियों के कहने के बावजूद अनुपस्थित रह रहे हैं।
इस मामले में सरकार इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने जा रही है। आज विभाग ने कुरुक्षेत्र में दो कर्मचारियों पर केस दर्ज करा दिया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार हो गई है। इन लोगों पर केस दर्ज कराने की तैयारी है।
गुरुग्राम में 5 कर्मचारियों पर केस
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले पांच कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम सिटी थाना में एफआइआर दर्ज कराई है। मामला जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में संदीप, हंसराज, कुलदीप, राजेश कुमार और अमित कुमार के नाम शामिल हैं। सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए हैं।
सोनीपत में 18 पर होगी कार्रवाई
इसी तरह सोनीपत में राष्ट्रीय जनगणना काम में लापरवाही बरतने वाले 18 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन FIR कराने की तैयारी में है। नगर निगम सोनीपत के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी की ओर से पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर जनगणना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। इनमें सरकारी स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महिला एवं बाल विकास विभाग और नगर निगम से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं।
पंचकूला की सूची में 21 कर्मचारी
इसके अलावा पंचकूला में 21 कर्मचारियों पर FIR की तैयारी हो चुकी है। इनके निलंबन के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजे हैं। पंचकूला में राष्ट्रीय जनगणना कार्य को समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसके अलावा संबंधित विभागों को इन्हें तुरंत सस्पेंड (निलंबित) करने के लिए पत्र लिखे जा रहे हैं।
बहादुरगढ़ में 29 कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
बहादुरगढ़ में भी ऐसे कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाया है। नगर परिषद बहादुरगढ़ के कार्यकारी अधिकारी ने 29 एन्यूमरेटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। पत्र के अनुसार इन कर्मचारियों को शहर के अलग-अलग एचएलबी क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किया गया था लेकिन कई बार संपर्क करने के बावजूद उन्होंने कार्य शुरू नहीं किया और न ही किसी प्रकार की जानकारी दी। इनमें कांता, सरोज, अनीता, पूनम, प्रदीप कुमार, नीरज, हरिश, मुकेश, संत कुमार, अजय कुमार, ललिता, सुनीता, नीतू, रजत विजय, मोहित गुलिया सहित 29 कर्मचारी शामिल हैं।
एक नजर इधर भी :-

