सोनीपत। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। मतदान दलों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया।
बनाए गए 264 मतदान केंद्र
चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को ईवीएम, वीवीपैट और अन्य जरूरी मतदान सामग्री वितरित की। अधिकारियों ने रवाना होने से पहले मतदान कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी और डीसी नेहा सिंह ने बताया कि कुल 264 मतदान केंद्र बनाए हैं। सुरक्षा, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे कि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी मतदान दलों को ईवीएम और वीवीपैट के संचालन, मतदान प्रक्रिया और मतदाताओं की सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई।
2 लाख 96 हजार लोग डालेंगे वोट
नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में दो लाख 96 हजार 45 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें एक लाख 53 हजार 380 पुरुष, एक लाख 42 हजार 658 महिला और सात अन्य मतदाता शामिल हैं। सभी मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
ये कर्मचारी रहे मौजूद
इस दौरान शुगर मिल सोनीपत की प्रबंध निदेशक डॉ अनमोल, भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :

