Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने एस.एम. कृष्णा को किया याद

December 10, 2024

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने एस.एम. कृष्णा को किया याद

 नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने दुख जताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। लिखा, ‘ एस.एम. कृष्णा के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान विभिन्न पदों पर लोगों की सेवा की राज्य विधानसभा और संसद के सदस्य से लेकर केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल तक। कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में, उन्होंने राज्य के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता के लिए लोगों का स्नेह अर्जित किया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाए।‘

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. एम. कृष्णा के निधन से बेहद दुखी हूं। विकास के सच्चे प्रणोता, उन्होंने राज्य और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि हमने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सहकर्मियों के रूप में काम किया। उनकी दूरदर्शिता, समर्पण और असाधारण सार्वजनिक सेवा ने कर्नाटक की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि कल्याण और विकास के बीच संतुलन बनाने के उनके दृष्टिकोण ने बेंगलुरु के परिवर्तनकारी प्रतिमान पर वैश्विक छाप छोड़ी। उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।‘

वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, ‘कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एस.एम. कृष्णा के निधन से बहुत दु:ख हुआ, उनके योगदान ने कर्नाटक की प्रगति को आकार दिया और बेंगलुरू को वैश्विक मानचित्र पर स्थान दिलाया। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।‘

बता दें कि पूर्व विदेश मंत्री का 10 दिसंबर की सुबह 92 वर्ष की आयु में उनके बेंगलुरु स्थित आवास पर निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों का इलाज करा रहे थे। अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रशासनिक कौशल के लिए जाने जाने वाले एस एम कृष्णा का राजनीतिक करियर पांच दशक से भी ज्यादा समय तक शानदार रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें