Site icon Dainik Savera Times

चार दिवसीय केरल दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 से 24 अक्तूबर तक केरल दौरे पर हैं। इस चार दिवसीय दौरे में वह राज्य के कई धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, वे 21 अक्तूबर की शाम को तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगी और यहीं से अपने व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी।

ये भी पढ़ें: रेलवे के खिलाफ फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू: Railway Minister

22 अक्तूबर को सबरीमाला दर्शन

दौरे के दूसरे दिन यानी 22 अक्तूबर को राष्ट्रपति सबरीमाला मंदिर जाएंगी, जहां वे भगवान अयप्पा के दर्शन करेंगी और आरती में भाग लेंगी।

23 अक्तूबर को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम

23 अक्तूबर को राष्ट्रपति तिरुवनंतपुरम स्थित राजभवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति के. आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके बाद वे वर्कला स्थित शिवगिरी मठ जाएंगी, जहां श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह की शुरुआत करेंगी। इसी दिन राष्ट्रपति पलई के सेंट थॉमस कॉलेज में आयोजित प्लेटिनम जुबिली (75वीं वर्षगांठ) समापन समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

24 अक्तूबर को एर्नाकुलम कार्यक्रम

दौरे के अंतिम दिन 24 अक्तूबर को राष्ट्रपति मुर्मू एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी (100वीं वर्षगांठ) समारोह में भाग लेंगी।

ये भी पढ़ें: कसोल में दीपावली की रात एक होटल में लगी आग, पर्यटकों और स्थानीय लोगों में मचा हड़कंप

पीएम मोदी ने दी दीपावली की शुभकामनाएं

इससे पहले सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात की जानकारी खुद राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने लिखा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में मुझसे मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version