
नई दिल्ली: दिल्ली में सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 70 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का वचरुअल एवं प्रत्यक्ष रूप से शुभारंभ किया। शक्ति नगर स्थित मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्र (एमसीडब्ल्यू सेंटर) से आयोजित इस कार्यक्रम को दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में ऐतिहासिक सुधार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोग्य मंदिर न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाएंगे, बल्कि हर परिवार को बेहतर इलाज और नियमित देखभाल की गारंटी देंगे।
इन आरोग्य मंदिरों में नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, सामान्य व आवश्यक दवाओं की निशुल्क उपलब्धता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, रोग-निवारण संबंधी परामर्श और विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन टेली-परामर्श जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों से उपकरणों, सेवाओं और प्रबंधन की विस्तृत जानकारी ली। दिल्ली के उत्तर, मध्य, उत्तर-पश्चिम, शाहदरा, पश्चिम, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम, पूर्व, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण और उत्तर-पूर्व जिलों में फैले ये नए केंद्र लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों को कवर करते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें यह सुनिश्चित कर रही हैं कि स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक तक बिना बाधा पहुंचें। आयुष्मान भारत योजना, जनऔषधि केंद्र, वय वंदना योजना और अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिलकर दिल्ली में आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां न डॉक्टर मिलते थे, न दवाइयां और न स्टाफ। इसके विपरीत, आरोग्य मंदिर वास्तविक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, जहां मरीजों को बैंडेज से लेकर टीकाकरण, दवाइयों से लेकर फैमिली प्लानिंग तक सभी सेवाएं सहज उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक लगभग 250 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं और लक्ष्य एक हजार से अधिक केंद्र स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि बड़े अस्पतालों पर बढ़ते भार को कम करने के लिए कॉलोनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार अत्यंत जरूरी है। सरकार की योजना है कि राजधानी की हर विधानसभा में 15 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएं। पिछले 8-10 महीनों में सरकार ने लगातार 24 घंटे 7 दिन काम करके स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे सरकार के स्वास्थ्य मिशन में सहयोग करें ताकि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रस्तुत स्वस्थ, आधुनिक और सशक्त दिल्ली के विजन को साकार किया जा सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...