Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री Modi ने दी दुर्ग से विशाखापत्तनम तक वंदे भारत ट्रेन की सौगात

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को देश में छह नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ किया। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इन ट्रेनों का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ को भी दुर्ग से विशाखापत्तनम तक वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली। इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में एक वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें राज्यपाल रमेन डेका बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। श्री डेका ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह वंदे भारत एक्सप्रेस, जो औसतन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है, दुर्ग और विशाखापट्टनम के बीच की दूरी को केवल आठ घंटों में पूरा करेगी। वर्तमान में अन्य ट्रेनें इस दूरी को 11 घंटों में तय करती हैं, लेकिन वंदे भारत हमारे समय की बचत का नया मापदंड स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन न केवल हमारी यात्राओं को तेज बनाएगी, बल्कि यात्रियों के लिए आरामदायक और सुविधाजनक भी होगी। श्री डेका ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से स्वदेशी निर्माण है। यह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना का प्रतीक है। इससे यह स्पष्ट होता है कि हम न केवल आधुनिक तकनीक को अपना रहे हैं, बल्कि इसे अपने देश में विकसित और निर्मित भी कर रहे हैं। यह तकनीकी उन्नति और भारत की आधुनिक रेल प्रणाली का शानदार उदाहरण है।

Exit mobile version