जयपुर : राजस्थान विधानसभा की 199 सीटों के लिए एक ही चरण में 25 नवंबर को वोट डाले जाने हैं. चुनाव नतीजे 03 दिसंबर को आने हैं. राजस्थान चुनाव के लिए प्रचार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है. जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम जयपुर में मेगा रोड शो किया. मोदी एक घंटे सोलह मिनट में ओपन जीप में चार किलोमीटर चले. जीप में मोदी के साथ प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद रहे. रोड शो में लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
यह पहला मौका है, जब जयपुर में प्रधानमंत्री का रोड शो हुआ. इससे पहले मोदी ने जयपुर में रोड शो नहीं किया. पीएम मोदी ने पिछले चुनावों में जयपुर में जनसभा को संबोधित किया था. वहीं, इस बार भी पीएम मोदी की जयपुर में 25 सितंबर को सभा हुई थी।
चार हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए. परकोटे में यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की थी. जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार, बापू बाजार, नेहरू बाजार में मुख्य मार्गों पर वाहनों की पार्किंग नहीं की गई थी. ये मार्ग नो-व्हीकल जोन रहे थे. रोड शो के रूट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

