कुरुक्षेत्र: एलएनजेपी अस्पताल के कैदी वार्ड से पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 साल की सजा काट रहा एक कैदी पुलिस गार्द को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी हैप्पी निवासी गीता कॉलोनी रात करीब एक बजे पेशाब करने का बहाना बनाकर वार्ड से बाहर आया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने कैदी वार्ड के प्रभारी समेत पूरी गार्द को निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले की जांच डीएसपी अशोक कुमार को सौंप दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कैदी हैप्पी को गत माह 10 जुलाई को जिला जेल से डायरिया का इलाज कराने के लिए एलएनजेपी के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। रविवार-सोमवार रात करीब एक बजे हैप्पी ने वार्ड में तैनात पुलिस वाले को पेशाब करने के लिए कहा था। पुलिस वाला उसे अस्पताल में वार्ड के साथ ही बने शौचालय में ले गए। इसी दौरान गार्द थोड़ा इधर-उधर हुए आरोपी मौका देखकर अस्पताल से फरार हो गया।

