Site icon Dainik Savera Times

प्रियंका और कई कांग्रेस सांसदों ने बंगलादेश में हिन्दुओं के लिए न्याय की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य सांसदों ने बंगलादेश में हिंदू समुदाय तथा दूसरे अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार के खिलाफ सोमवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार से उनके लिए न्याय की मांग की। प्रियंका गांधी और कई अन्य सांसद संसद भवन में ‘मकर द्वार’ के निकट एकत्र हुए और ‘केंद्र सरकार अपना इकबाल दिखाओ, बंगलादेश के हिंदुओं को न्याय दिलाओ’ के नारे लगाए। केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भी यह विषय उठाया। बाद में उन्होंने संसद परिसर में कहा कि आज विजय दिवस है। अपने शहीदों को नमन करती हूं। इंदिरा गांधी के दृढ़ नेतृत्व के साथ हमने ये लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। इंदिरा गांधी ने पूरी दुनिया में इस अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई, पर किसी ने साथ नहीं दिया। लेकिन हमारा देश इस अत्याचार के खिलाफ खड़ा हुआ, इंदिरा गांधी खड़ी हुईं, हमारे देश की सेना खड़ी हुई, जनता खड़ी हुई। आज बंगलादेश में अल्पसंख्यकों, हिंदुओं और ईसाइयों पर अत्याचार हो रहा है। मैं चाहती हूं कि भारत सरकार इसके खिलाफ आवाज उठाए।

Exit mobile version