Site icon Dainik Savera Times

अन्याय को बढ़ावा देना और नफरत फैलाना BJP के दो सूत्रीय कार्यक्रम : Rahul Gandhi

रायगढ़ः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के दो सूत्रीय कार्यक्रम हैं -अन्याय को बढ़ावा देना और नफरत तथा हिंसा फैलाना हैं। राहुल की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंची जहां उन्होंने रायगढ़ जिले के रेंगालपाली गांव में एक जनसभा को संबोधित किया। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्म अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से ताल्लुक रखने वाले परिवार में नहीं हुआ और वह खुद को ओबीसी बताकर लोगों को ‘गुमराह’ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, कि ‘भाजपा के दो सूत्रीय कार्यक्रम हैं अन्याय को बढ़ावा देना और नफरत तथा हिंसा फैलाना।’’ देश में जाति आधारित गणना कराने की पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राहुल ने कहा, कि ‘जब मोदी जी कहते हैं कि देश में केवल दो ही जातियां हैं-गरीब और अमीर तो फिर वह ओबीसी कहां से हो गए.. ? मोदी जी का जन्म अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से ताल्लुक रखने वाले परिवार में नहीं हुआ।

मोदी जी की जाति घांची को 2000 में गुजरात की तत्कालीन भाजपा सरकार ने ओबीसी (सूची) में शामिल किया था। आपके प्रधानमंत्री ओबीसी नहीं हैं। वह अपनी पहचान ओबीसी के रूप में बताते रहे, लेकिन वह ओबीसी नहीं हैं बल्कि सामान्य श्रेणी से हैं।’’

Exit mobile version