Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में पंचकूला में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

July 22, 2026

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में पंचकूला में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Protest against lathicharge on students : पंचकूला। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को पंचकूला में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। लघु सचिवालय परिसर में विधायक चौधरी चंद्रमोहन के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

छात्रों की मांगों पर सकारात्मक हस्तक्षेप की अपील

इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। ज्ञापन में छात्रों की मांगों पर सकारात्मक हस्तक्षेप करने, उनके खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए।

‘युवाओं की आवाज दबाना बंद करे सरकार’

कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और युवाओं से जुड़े अन्य गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संसद में सार्थक चर्चा कर उचित निर्णय लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें