यमुनानगर। मेहनत की कमाई के लिए इंसान क्या-क्या नहीं करता, लेकिन जब पसीने की कमाई का भुगतान समय पर न हो तो नाराजगी भी अपने ही अंदाज में नजर आती है।
चर्चा बन गया विरोध का तरीका
यमुनानगर में एक पेंटर ने अपना बकाया वसूलने के लिए न तो हंगामा किया और न ही किसी तरह का विवाद। उसने गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुए उस व्यक्ति की दीवार पर अपना मोबाइल नंबर और भुगतान संबंधी संदेश लिख दिया, जिसने उसके काम की रकम नहीं चुकाई थी। अब यह अनोखा विरोध चर्चा का विषय बन गया है। यह कहानी है राजेंद्र नाम के एक स्थानीय पेंटर की। इसने ठेकेदार की ओर से भुगतान नहीं होने से तंग आकर स्टेडियम की दीवारों को ही शिकायत पत्र बना दिया।
काम के बदले नहीं मिली फूटी कोड़ी
उसने दीवार पर साफ शब्दों में लिख दिया कि उसे काम के बदले फूटी कौड़ी भी नहीं मिली। इसके लिए जिम्मेदार ठेकेदार का नाम और नंबर भी वहां पेंट कर दिया। पेंटर राजेंद्र ने कहा कि 12 मार्च को ठेकेदार अजय हुड्डा ने उसे फोन कर नगर पालिका साढौरा के तहत आने वाले स्टेडियम और अन्य सार्वजनिक जगहों पर स्लोगन लिखने का जिम्मा सौंपा। ₹15 प्रति वर्ग फुट के हिसाब से बात तय हुई थी। राजेंद्र ने अपनी जेब से पेंट खरीदा और करीब 6-7 मजदूरों को दिहाड़ी पर रखकर 14 से 21 मार्च तक दिन-रात काम किया। कुल मिलाकर करीब 6,500 वर्ग फुट एरिया में स्लोगन लिखे गए, जिसका कुल बिल ₹97,500 बना। राजेंद्र इस काम की तस्वीरें ठेकेदार को भेजता रहा, लेकिन काम खत्म होते ही ठेकेदार के तेवर बदल गए।
विरोध के बाद बदल गए ठेकेदार के तेवर
राजेंद्र का आरोप है कि पिछले कई महीनों से वह भुगतान के लिए ठेकेदार के चक्कर काट-काटकर थक गया। जब उसने नगर पालिका के अफसरों से गुहार लगाई, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि काम का अलॉटमेंट ठेकेदार को हुआ था। इसलिए भुगतान भी वही करेगा। इसके बाद उसने थाने के चक्कर काटे। इसके बाद ठेकेदार ने धमकी दे डाली कि अगर दीवारों पर लिखी शिकायत नहीं मिटाई, तो वह पुलिस केस दर्ज करा देगा और एक भी रुपया नहीं देगा। दीवारों पर ठेकेदार का नंबर सार्वजनिक होते ही मामला चर्चा का विषय बन गया। इस अनोखे प्रदर्शन के बाद अब ठेकेदार के सुर बदले नजर आ रहे हैं। ठेकेदार ने राजेंद्र को फोन कर एक-दो दिनों के भीतर पूरा भुगतान चुकता करने का भरोसा दिया है। राजेंद्र का कहना है कि अगर इस बार भी उसे सिर्फ आश्वासन मिला तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेगा।
Also Read :-

