Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

देवरिया में वकीलों का प्रदर्शन जारी, DM का पुतला फूंका

देवरिया। देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ वकीलों का धरना प्रदर्शन सोमवार को जारी रहा। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरि से तकरार के बाद आक्रोशित वकीलों ने आज हड़ताल के 13 वें दिन डीएम की प्रतीकात्मक शव यात्र निकाली और पुतला फूंक कर विरोध व्यक्त किया। गिरि और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों वकीलों ने जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की और उनके तबादले की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वकीलों ने डीएम के पुतले को लिटाकर कचहरी परिसर में घुमाया और सिविल लाइन रोड पर पुतले का दहन किया।


गिरि ने कहा कि जबतक जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह का यहाँ से स्थानान्तरण और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तब तक वकील अपना आन्दोलन जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि एक वकील की जमीन की पैमाइश को लेकर पिछली 19 जून को जनता दर्शन के दौरान गिरि और जिलाधिकारी के बीच तीखी झड़प हो गयी थी जिसके बाद वकीलों ने डीएम के तबादले की मांग को लेकर हड़ताल शुरु कर दी थी।

Exit mobile version