Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे, 700 लोग हिरासत में लिए गए

October 3, 2026

CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे, 700 लोग हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को विपक्षी दल और छात्र संगठन सड़कों पर उतरे जबकि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर तथा आसपास के कई स्थानों से 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जिनमें दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी शामिल हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कचौड़ी, दो समोसा, ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा और गली-गली में शोर है, मोदी-ज्ञानेश वोट चोर है, जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों में आम आदमी पार्टी (आप) और ऑल इंडिया स्टूडैंट्स एसोसिएशन (आइसा), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) तथा अन्य छात्र संगठनों के सदस्य शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सीईसी कुमार के इस्तीफे की मांग की।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन स्थल पर किसी भी अनधिकृत जमावड़े को रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में इंटरनैट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। ‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज और संजीव झा को कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर से हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों को विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया गया जब वे विरोध स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।

हिरासत में लिए गए लोगों में आतिशी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि उसने आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को नॉर्थ एवेन्यू में रोक दिया। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि एसएफआई के करीब 700 कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की और उन्हें अशोका रोड गोलचक्कर पर रोक दिया गया, जिनमें से कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

सीईसी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे वाले मुखौटे पहने हुए, भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के प्रदर्शनकारियों ने रायसीना रोड पर आईवाईसी कार्यालय से मार्च निकाला, जंतर मंतर की ओर बढ़ते हुए उन्होंने नारे लगाए और पोस्टर और बैनर लेकर कुमार से जवाबदेही की मांग की। ईवाईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने ‘सीईसी इस्तीफा दो’, ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे लगाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें