Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रोटोकॉल का उल्लंघन: देरी से आने का हवाला देकर ‘एयरएशिया’ ने राज्यपाल को लिए बिना उड़ान भरी

July 28, 2023

प्रोटोकॉल का उल्लंघन: देरी से आने का हवाला देकर ‘एयरएशिया’ ने राज्यपाल को लिए बिना उड़ान भरी

बेंगलुरु: प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए ‘एयरएशिया’ की उड़ान ने यहां बृहस्पतिवार को कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को लिए बगैर ही केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआईए) से उड़ान भरी, जबकि वह हवाई अड्डा लाउंज में इंतजार कर रहे थे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने के अनुरोध पर पीटीआई-भाषा को बताया कि राज्यपाल के प्रोटोकॉल अधिकारियों ने हवाई अड्डा थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है।

सूत्रों के अनुसार, गहलोत को बृहस्पतिवार दोपहर को र्टिमनल-2 से हैदराबाद के लिए उड़ान में सवार होना था, जहां से वह एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सड़क मार्ग से रायचूर जाने वाले थे। सूत्रों ने बताया कि ‘एयरएशिया’ की उड़ान जैसे ही वहां पहुंची उनका सामान विमान में रख दिया गया। लेकिन यह बताया गया कि गहलोत के र्टिमनल पहुंचने में देर होगी।

सूत्रों ने कहा कि विमान में सवार होने के लिए राज्यपाल जब तक वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) लाउंज से वहां पहुंचते, विमान हैदराबाद के लिए उड़ान भर चुका था। सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद पहुंचने के लिए राज्यपाल को 90 मिनट बाद दूसरी उड़ान लेनी पड़ी। राज्यपाल सदन के अधिकारियों ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। ‘एयरएशिया’ के अधिकारी टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे। केआईए का संचालन करने वाले बैंगलोर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम आमतौर पर हवाई अड्डे से संबंधित मामलों पर टिप्पणी नहीं करते हैं। कृपया एयरएशिया से संपर्क करें।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें