Site icon Dainik Savera Times

पुलवामा हमले के आरोपी की दिल का दौरा पड़ने से मौत, घर में आतंकियों को दी थी पनाह

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर 5 साल पहले हुए घातक आतंकवादी हमले के 32 वर्षीय एक आरोपी की दिल का दौरा पड़ने से यहां सरकारी मैडीकल कालेज अस्पताल में मौत हो गई। काकापोरा के हाजीबल गांव का बिलाल अहमद कुचे उन 19 लोगों में शामिल था जिन पर इस मामले में औपचारिक रूप से आरोप लगाया गया है। पुलवामा हमला मामले में कुचे और 18 अन्य आरोपियों के खिलाफ एनआईए ने 25 अगस्त, 2020 को आरोप पत्र दायर किया था। वह इस मामले में गिरफ्तार 7 आरोपियों में शामिल था। कुचे को किश्तवाड़ जिला जेल में बीमार होने के बाद 17 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। पुलवामा के लेथपोरा में 14 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदी अपनी कार से सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे और 8 अन्य घायल हुए थे। कुचे के साथ अन्य आरोपियों पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को घर में पनाह देने का आरोप था।

Exit mobile version