Site icon Dainik Savera Times

खत्म होने जा रहा इंतजार! इस तारीख से शुरू होने जा रही जगन्नाथ मंदिर के रत्न-आभूषणों की गिनती

jagannath temple

jagannath temple

नेशनल डेस्क: ओडिशा के पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में रखे बहुमूल्य रत्नों और आभूषणों की गिनती और मरम्मत का काम 25 मार्च से शुरू किया जाएगा। लंबे समय से श्रद्धालुओं और प्रशासन को इस प्रक्रिया का इंतजार था, क्योंकि रत्न भंडार सदियों से आस्था के साथ-साथ रहस्य का भी केंद्र रहा है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह कार्य चैत्र शुक्ल सप्तमी के शुभ अवसर पर दोपहर 12 बजकर 12 मिनट से 1 बजकर 45 मिनट के बीच विधिवत रूप से प्रारंभ होगा। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। मंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि रत्नों की गिनती और मूल्यांकन राज्य सरकार द्वारा तय की गई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि किसी भी तरह की शंका की गुंजाइश न रहे। हर दिन काम खत्म होने के बाद रत्न भंडार की चाबियां सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराई जाएंगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी में ही यह कार्य आगे बढ़ेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। गिनती के दौरान भक्तों को बैरिकेड के बाहर से ही दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। भीड़ और सुरक्षा कारणों से शनिवार और रविवार को यह प्रक्रिया नहीं होगी। इसके अलावा जिन दिनों मंदिर में विशेष अनुष्ठान या धार्मिक कार्यक्रम अधिक होंगे, उन दिनों भी गिनती का काम स्थगित रखा जाएगा।

प्रशासन की ओर से एक मासिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसमें यह बताया जाएगा कि किन-किन दिनों यह कार्य किया जाएगा और किन दिनों नहीं। इस कैलेंडर की जानकारी सेवायतों और मीडिया को पहले से दे दी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह ऐतिहासिक कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए संपन्न कराया जाएगा।

Video: लस्सीपोरा औद्योगिक क्षेत्र में रांबी आरा नाले में जहरीला कचरा, स्थानीय स्वास्थ्य को खतरा

Exit mobile version