Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल ने ‘डबल इंजन’ सरकार को बताया बेरोजगारी की ‘डबल मार’

February 18, 2024

राहुल ने ‘डबल इंजन’ सरकार को बताया बेरोजगारी की ‘डबल मार’

नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘डबल इंजन’ सरकार के नारे पर वार करते हुए आज कहा कि मोदी राज में बेरोजगारी चरम पर है और ‘डबल इंजन’ सरकार का मतलब बेरोजगारी की डबल मार हो गया है। गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए आज यहां जारी एक बयान में कहा, “डबल इंजन सरकार मतलब बेरोज़गारों पर डबल मार। आज बेरोज़गारी की बीमारी से उत्तर प्रदेश का हर तीसरा युवा ग्रसित है।

जहां डेढ़ लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं, वहां न्यूनतम योग्यता वाले पदों के लिए भी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी होल्डर्स लाइन लगा कर खड़े हैं।” उन्होंने कहा, “पहले तो भर्ती निकलना एक सपना है, भर्ती निकले तो पेपर लीक, पेपर हुआ तो रिजल्ट का पता नहीं और लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट आने पर भी अक्सर ज्वॉइनिंग के लिये कोर्ट का चक्कर। सेना से लेकर रेलवे और शिक्षा से लेकर पुलिस तक की भर्तियों का सालों इंतज़ार कर लाखों छात्र की ओवर एज हो चुके हैं।

निराशा के इस चक्रव्यूह में फंसा छात्र डिप्रेशन का शिकार होकर टूट रहा है और इन सब से व्यथित होकर जब वह अपनी मांगें लेकर सड़क पर निकले तो मिलती हैं पुलिस की लाठियां।” गाँधी ने कांग्रेस सरकार बनने पर सबको न्याय देने की बात करते हुए कहा, “एक छात्र के लिए नौकरी सिर्फ आय का साधन नहीं, बल्कि अपने परिवार का जीवन बदल देने का सपना है और इस सपने के टूटने के साथ पूरे परिवार की आस टूट जाती है। कांग्रेस की नीतियां युवाओं के सपनों के साथ न्याय करेंगी, हम उनकी तपस्या व्यर्थ नहीं जाने देंगे।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें