Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

नीतीश कुमार पर भड़के राहुल गांधी, बोले- बिहार को बनाया क्राइम कैपिटल, अब बदलाव जरूरी

July 6, 2025

नीतीश कुमार पर भड़के राहुल गांधी, बोले- बिहार को बनाया क्राइम कैपिटल, अब बदलाव जरूरी

Rahul Gandhi : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर भाजपा और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। गोपाल खेमका हत्याकांड को आधार बनाकर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को भारत की अपराध राजधानी बना दिया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘पटना में व्यापारी गोपाल खेमका की सरेआम गोली मारकर हत्या ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को भारत की अपराध राजधानी बना दिया है। आज बिहार लूट, गोली और हत्या के साये में जी रहा है। अपराध यहां आम बात हो गई है – और सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है।’

वोट सरकार बदलने के लिए नहीं, बिहार बचाने के लिए-
उन्होंने आगे लिखा, ‘बिहार के भाइयों और बहनों, यह अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जो सरकार आपके बच्चों की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह आपके भविष्य की जिम्मेदारी भी नहीं ले सकती। हर हत्या, हर लूट, हर गोली – बदलाव की पुकार है। अब नए बिहार का समय है – जहां डर नहीं, प्रगति हो। इस बार वोट सिर्फ सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि बिहार को बचाने के लिए है।’

SIT का हुआ है गठन-
आपको बता दें कि अपराधियों ने शुक्रवार देर रात मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी। यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास हुई। इस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस घटना से व्यवसायी नाराज हैं।

DGP का दावा- हत्याकांड की पूरी तस्वीर जल्द होगी साफ-
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने रविवार को दावा किया कि अगले एक-दो दिनों में हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें रातभर पटना और वैशाली जिले में विभिन्न जगहों पर छापेमारी करती रहीं। इस दौरान एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। गोपाल खेमका को गोली मारने वाले हमलावर को न सिर्फ घटनास्थल बल्कि शहर के अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी ट्रैक किया गया है। हमलावर की मोटरसाइकिल की पहचान कर ली गई है, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण उसका चेहरा साफ तौर पर पहचाना नहीं जा सका।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें