न्यूटाउन: पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनौती दी कि यदि वे वास्तव में महिलाओं का सम्मान करते हैं, तो कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी महिला को बनाकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से महिलाओं के प्रति सम्मान साबित नहीं होता बल्कि इसे अपने फैसलों और कामों से दिखाना चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अगर वे महिलाओं का इतना ही सम्मान और आदर करते हैं, तो उन्हें खोखली बातें करने के बजाय किसी महिला कार्यकर्ता को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाकर दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई काम नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान देते रहते हैं। अगर उन्हें लगता है कि वे महिलाओं के सम्मान को लेकर सही हैं, तो पहले अपनी पार्टी में किसी महिला को अध्यक्ष बनाकर दिखाएं। इसके बाद उन्हें इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।
भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि इससे पहले कुंभ मेले के दौरान साधु-संतों ने ‘मोदी लाओ, देश बचाओ’ का नारा दिया था। इसके बाद जनता ने उन्हें सत्ता में पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि अब ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा इसलिए लगाया जा रहा है क्योंकि वहां राधा-कृष्ण को कैद कर रखा गया है। उनकी लीला भूमि को मुक्त कराया जाना चाहिए, ताकि वहां भगवान कृष्ण का भव्य मंदिर बनाया जा सके। उन्होंने इसे भक्तों की इच्छा बताते हुए कहा कि अंतिम फैसला जनता को करना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा पर दिलीप घोष ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हजारों साल पुराने संबंध हैं। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है। राजनीतिक कारणों या बाहरी ताकतों की वजह से कभी-कभी कड़वाहट आ सकती है लेकिन दोनों देशों की संस्कृति, धर्म, परंपराएं और दोस्ती एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक संबंधों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जिसमें सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात होनी है।

