Site icon Dainik Savera Times

राहुल गांधी कम जानकारी होने के शिकार हैं: मंत्री अनुराग ठाकुर

ऊना : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी पर सोमवार को जमकर निशाना साधा और दावा किया कि राहुल कम जानकारी के शिकार हैं। अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के 2 दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सोमवार को गगरेट और हरोली मंडल में कहा कि राहुल गांधी को यह मालूम होना चाहिए कि मनरेगा योजना मांग आधारित योजना है, जिसमें जितनी मांग होगी उतना बजट प्रावधान किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के समय मनरेगा में कभी 30,000 करोड़ से ज्यादा रुपए खर्च नहीं किए जा सके, लेकिन मोदी सरकार के समय कोरोना वायरस आपदा के दौरान वित्त वर्ष 2020-21 में इस योजना पर करीब एक लाख 14 हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। वित्त वर्ष 2021-22 में इस योजना पर 99,000 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इस वर्ष भी इस योजना में 80 से 85,000 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।

ठाकुर ने कांग्रेस नीत मौजूदा प्रदेश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस पहले जनता से वादे करती थी और उन वादों को कभी पूरा नहीं किया जाता था। इस बार कांग्रेस ने जनता को गारंटी दी है, लेकिन पूरा वह भी नहीं किया जा रहा। ठाकुर ने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा जीत की हैट्रिक बनाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश की बागडोर संभालेंगे।

Exit mobile version