Site icon Dainik Savera Times

राहुल गांधी सोमवार को बेगूसराय में पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा में करेंगे शिरकत

Rahul Gandhi will participate

Rahul Gandhi will participate

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। एनडीए गठबंधन ने जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का फैसला किया है, वहीं महागठबंधन में अभी मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। इस बीच, कल यानी सोमवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी बिहार के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।

सांसद राहुल गांधी के बिहार पहुंचने के पहले कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु की मुलाकात इंडी गठबंधन के सहयोगी दल राजद के प्रमुख लालू यादव से हुई है। राहुल गांधी की बिहार यात्रा से पहले इस मुलाकात को भी काफी अहम बताया जा रहा है। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने लालू यादव से मुलाकात को लेकर रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लालू यादव से दिल्ली में बातचीत हुई है। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना है। उम्मीद है कि वे जल्दी ठीक होकर पटना लौटेंगे।

तीन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार यात्रा को लेकर बताया कि सोमवार को गांधी बिहार आएंगे और तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे सबसे पहले बेगूसराय में पलायन रोको, नौकरी दो यात्र में शिरकत करेंगे और उसके बाद पटना में संविधान सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वे पार्टी की एक बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बीच, हालांकि उन्होंने महागठबंधन में सीट बंटवारे और मुख्यमंत्री के उम्मीदवार को लेकर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।

उन्होंने लोगों को रामनवमी पर्व की शुभकामनाएं भी दी हैं। उल्लेखनीय है कि राजद अध्यक्ष लालू यादव से दिल्ली एम्स में जाकर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने शनिवार को मुलाकात की थी। कांग्रेस के बिहार प्रभारी बनने के बाद लालू यादव से उनकी यह पहली मुलाकात थी। पिछले दिनों पीठ में सूजन समेत विभिन्न शारीरिक शिकायत के बाद लालू प्रसाद का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। बताया गया कि लालू यादव की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।

Exit mobile version