नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को देशभर के लोगों से अपील की कि लोग बताएं कि वायु प्रदूषण उनके और उनके परिवार की सेहत पर कैसे असर डाल रहा है। इसके लिए उन्होंने ‘आवाज भारत की’ नाम के एक पोर्टल के जरिए अपनी बात शेयर करने को कहा। ‘आवाज भारत की’ राहुल गांधी की एक पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याएं, सुझाव और चिंताएं सीधे उनके कार्यालय तक पहुंचाने का मंच देना है। यह जानकारी इस पहल की आधिकारिक वैबसाइट पर दी गई है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘हम अपने स्वास्थ्य से और अपनी अर्थव्यवस्था से वायु प्रदूषण की भारी कीमत चुका रहे हैं। करोड़ों आम भारतीय हर दिन इसका बोझ उठाते हैं।’ उन्होंने कहा कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा कि बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।निर्माण कार्यो में लगे मजदूरों और दिहाड़ी पर काम करने वालों की रोजी-रोटी पर भी इसका गंभीर असर पड़ा है।
इस संकट को अगली सर्दियों तक भुलाया नहीं जा सकता। बदलाव की पहली शुरुआत है- अपनी आवाज उठाना।’ लोगों से भागीदारी की अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘बताइए कि वायु प्रदूषण ने आपको या आपके अपनों को कैसे प्रभावित किया है। ‘आवाज भारत की’ पर अपनी बात साझा करें। आपकी आवाज मायने रखती है और उसे उठाना मेरा कर्तव्य है।’

