Site icon Dainik Savera Times

राहुल ने ‘घुसपैठियों को संरक्षण’ देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के एसआईआर का विरोध किया : Amit Shah

ढेकियाजुली (असम) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में असम में घुसपैठ को रोका है, लेकिन यह ‘पर्याप्त नहीं है’, क्योंकि प्रत्येक अवैध प्रवासी को उनके देशों में वापस भेजा जाना चाहिए। सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘घुसपैठियों को संरक्षण’ देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहते हैं। शाह ने गोगोई से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। शाह ने आरोप लगाया, कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया और पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को हमारे देश में लोगों की हत्या करने की खुली छूट दी। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

शाह ने कहा, भाजपा सरकार ने असम में घुसपैठ रोक दी है, लेकिन यह काफी नहीं है। हर अवैध प्रवासी को वापस भेजा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनावों में भाजपा को वोट देने का आग्रह किया, ताकि हिमंत विस्मा सरमा को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जा सके और असम को ‘घुसपैठिया मुक्त’ बनाया जा सके तथा शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Exit mobile version