Site icon Dainik Savera Times

Railway Apprentice Recruitment: रेलवे में अपरेंटिस के 4000 से अधिक पदों पर भर्ती, करें आवेदन

Railway Apprentice Recruitment: रेलवे में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बता दें कि नॉर्दर्न रेलवे के रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC-NR) ने अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से विभिन्न ट्रेडों में कुल 4000 से ज्यादा रिक्तियों को भरा जाएगा। उम्मीदवार निर्धारित तिथि से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आइए ख़बर में विस्तार से जानते है…

आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी?

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन विंडो 25 नवंबर 2025 से खुल जाएगी और 24 दिसंबर 2025 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तारीख का इंतज़ार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता के अनुसार, उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा कम से कम 50% अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT द्वारा मान्यता प्राप्त ITI सर्टिफिकेट होना चाहिए। आयु सीमा भी तय की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की उम्र 25 दिसंबर 2025 को 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षण नियमों के तहत ऊपरी आयु में छूट भी लागू होगी।

कैसे होगा चयन?

अभ्यर्थियों का चयन किसी लिखित परीक्षा के बिना मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। मेरिट तैयार करने के लिए 10वीं में प्राप्त प्रतिशत और ITI में मिले अंकों का औसत निकाला जाएगा। दोनों को बराबर वेटेज दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क

सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जिसे केवल ऑनलाइन मोड से ही जमा किया जा सकेगा। वहीं SC, ST, PwBD और महिला उम्मीदवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

कैसे करें आवेदन?

उम्मीदवारों को RRC-NR की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में फॉर्म सबमिट कर उसकी कॉपी सुरक्षित रखनी होगी। इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अपडेट्स के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Exit mobile version