नेशनल डेस्क: भारतीय रेलवे की सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस को देश की आधुनिक रेल सेवा मानी जाता है। बता दें कि आरामदायक सीटिंग, तेज रफ्तार और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण यह ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी है। ऐसे में राजस्थान से जुड़ी दो वंदे भारत ट्रेनों के संचालन बंद होने की खबर ने यात्रियों को चौंका दिया है।
14 और 15 फरवरी से बंद होंगी ये सेवाएं
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 20979/80 (उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 14 फरवरी 2026 से बंद कर दिया जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 20981/82 (उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से नहीं चलेगी। इन दोनों ट्रेनों के बंद होने से खासकर उदयपुर, जयपुर और आगरा रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
क्या है फैसला लेने की वजह?
रेलवे की ओर से इन सेवाओं को बंद करने के पीछे आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार संबंधित रूट्स पर अपेक्षित यात्री संख्या नहीं मिल रही थी। इसके अलावा परिचालन लागत और आय के बीच संतुलन न बन पाना भी एक अहम कारण बताया जा रहा है।
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी संकेत मिले हैं कि इन ट्रेनों को किसी अन्य व्यस्त रूट पर स्थानांतरित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
राहत की खबर: नई वंदे भारत सेवा को मंजूरी
दो ट्रेनों के बंद होने के बीच एक सकारात्मक खबर भी सामने आई है। उदयपुर सिटी और असारवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी गई है।
ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 26964 शाम 5:45 बजे असारवा से चलेगी और रात 10:00 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
यह सेवा मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
इस नई सेवा से राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
देशभर में बढ़ रहा वंदे भारत नेटवर्क
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, फरवरी 2019 में शुरुआत के बाद अब देशभर में 82 रूट्स पर कुल 164 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन ट्रेनों में आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम, सेमी-हाईस्पीड क्षमता, ऑटोमैटिक प्लग डोर, आरामदायक सीटें, मिनी पैंट्री, सीसीटीवी निगरानी और ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
हालांकि राजस्थान में दो सेवाओं के बंद होने से यात्रियों में असंतोष देखा जा रहा है, लेकिन नई रूट की शुरुआत से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। रेलवे के आगामी निर्णयों पर अब यात्रियों की नजरें टिकी हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...