Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली समेत 15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

June 18, 2026

Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली समेत 15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

Weather Update: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। केरल में दस्तक देने के बाद अब मानसून कई अन्य राज्यों की ओर बढ़ चुका है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत 15 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में जारी किया गया अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तमिलनाडु, असम, नागालैंड और त्रिपुरा के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-NCR में मिलेगी गर्मी से राहत

18 से 21 जून के बीच दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। चार दिनों तक ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ की स्थिति बनी रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मेरठ, ललितपुर, फिरोजाबाद, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत और देवरिया सहित कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

18 से 20 जून के बीच बिहार के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। पटना में बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सिवान, पूर्णिया, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, वैशाली, किशनगंज, सहरसा, कटिहार और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर

राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अलर्ट

भोपाल में शाम के समय बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, दमोह, खंडवा, रायसेन, मंदसौर, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा और मंडला सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। यहां तेज हवाएं भी चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में 22 जून तक रहेगा मौसम खराब

देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में 18 से 22 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और तूफान का खतरा

शिमला, मनाली, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

झारखंड में कई जिलों के लिए चेतावनी

रांची में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बोकारो, दुमका, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, पलामू, धनबाद, हजारीबाग, साहिबगंज और गिरिडीह सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम रहेगा अस्थिर

18 से 22 जून के बीच जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल, बडगाम, सोनमर्ग, बालटाल, पहलगाम और दक्षिण कश्मीर के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

गुजरात में दक्षिणी जिलों में बारिश के आसार

गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा और अरावली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं सूरत, तापी, नवसारी, वलसाड, डांग, दमन और दादरा-नगर हवेली क्षेत्र में भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि सौराष्ट्र और कच्छ में अगले कुछ दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

तमिलनाडु में अगले सप्ताह तक बारिश का अनुमान

तमिलनाडु में गर्मी का असर जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। नमक्कल, सलेम, तिरुचि, पेरम्बलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, तंजावुर, तिरुवरुर और मयिलादुथुराई में मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मदुरै, रामनाथपुरम और शिवगंगा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें