Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु में भारी बारिश की सम्भावना, अलर्ट पर तीन जिले

January 14, 2025

तमिलनाडु में भारी बारिश की सम्भावना, अलर्ट पर तीन जिले

Rains in Tamil Nadu : मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तीन जिलों थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में बुधवार को भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में 17 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चेन्नई में मंगलवार और बुधवार को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

शहर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि बादल छाए रहने की स्थिति में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

आरएमसी ने कहा कि ऊपरी वायु परिसंचरण (अपर एयर सर्कुलेशन) के कारण 16 जनवरी तक चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में हल्की बारिश होगी। भारी बारिश मंजोलाई बेल्ट तक ही सीमित रहेगी, जबकि चेन्नई से लेकर डेल्टा जिलों और थूथुकुडी तक के तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

इसके अतिरिक्त, एक निम्न दबाव प्रणाली के कारण 19 से 21 जनवरी के बीच राज्य में बारिश होने का अनुमान है। तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के मौसम में 14 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जो मौसमी औसत 393 मिमी के मुकाबले 447 मिमी दर्ज की गई है। चेन्नई में 845 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 16 प्रतिशत अधिक है, जबकि कोयंबटूर में 47 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।

बता दें कि तमिलनाडु में 29 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच आए चक्रवात फेंगल ने तबाही मचाई थी। इसके कारण 12 लोगों की मौत हो गई थी। 2,11,139 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई थी। 1,649 किलोमीटर लंबे विद्युत कंडक्टर, 23,664 बिजली के खंभे और 997 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए थे और 9,576 किलोमीटर लंबी सड़कें, 1,847 पुलिया तथा 417 टैंक नष्ट हो गए थे। विल्लुपुरम, तिरुवन्नामलाई और कल्लाकुरिची जिलों में एक दिन में 50 सेमी से अधिक बारिश हुई, जो पूरे मौसम के औसत के बराबर थी।

चक्रवात के कारण भयंकर बाढ़ आई और फसलें बर्बाद हो गई थी और पूरे राज्य में 69 लाख परिवार और 1.5 करोड़ लोग प्रभावित हुए थे। तमिलनाडु सरकार ने आधिकारिक तौर पर चक्रवात फेंगल को एक गंभीर प्राकृतिक आपदा घोषित किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें