Site icon Dainik Savera Times

बेटे की मौत पर छलका मां का दर्द, कहा – सोनम की मंशा का अंदाजा होता तो हम शादी नहीं करते

Raja Raghuvanshi murder case

Raja Raghuvanshi murder case

Raja Raghuvanshi murder case : राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार सोनम और अन्य आरोपियों से पूछताछ तेज हो गई है। साथ ही पूरे घटनाक्रम को लेकर राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मेघालय पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि सोनम और उसका साथ देने वालों को फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने वकीलों से भी सोनम का केस न लड़ने का अनुरोध किया है।

राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि इन लोगों ने हमारे बच्चे को बहुत नुकसान पहुंचाया है। जब तक इन अपराधियों को सजा नहीं मिलती, तब तक राजा को न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजा को न्याय मिलना चाहिए और प्रशासन से अपराधियों को फांसी की सजा देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अगर हमें सोनम की मंशा का जरा सा भी अंदाजा होता तो हम शादी के लिए राजी नहीं होते।

गौरतलब है कि इंदौर के राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई थी और दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। शिलांग में दोनों के लापता होने की सूचना मिली थी। बाद में राजा का शव एक गड्ढे में मिला था, जबकि सोनम लापता थी। बाद में सोनम भी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिल गई। सोनम के मिलने के बाद पता चला कि राजा की हत्या हुई थी और इसमें कुछ लोगों ने सोनम की मदद की थी।

पुलिस ने इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक विशाल चौहान है, जो इंदौर का रहने वाला है। आपको बता दें कि पुलिस राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपी विशाल चौहान के मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर स्थित घर पहुंची। पुलिस ने यहां विशाल से न सिर्फ पूछताछ की, बल्कि घर की तलाशी भी ली। कहा जा रहा है कि विशाल और राज कुशवाह ने इसी घर में राजा की हत्या की साजिश रची थी।

मध्य प्रदेश के इंदौर से हनीमून मनाने मेघालय गए जोड़े के साथ हुए हादसे की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की थी।

Exit mobile version