Site icon Dainik Savera Times

राजस्थान: अनियंत्रित होकर कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के चार सदस्यों की हुई मौत

Pathankot Car Accident

Pathankot Car Accident

Rajasthan Accident : राजस्थान के पाली जिले में केनपुरा गांव के पास एक कार के सड़क किनारे खाई में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अनियंत्रित कार सड़क से पलटी और नीचे खाई में गिरी

पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग महाराष्ट्र के कोल्हापुर से थे। सांडेराव के थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि केनपुरा गांव के पास बृहस्पतिवार रात को उस समय यह घटना हुई जब कार में मौजूद छह लोग अपने रिश्तेदारों से मिलने के बाद जोधपुर से सिरोही जिले के शिवगंज जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शिवगंज लौटते समय केनपुरा गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से पलट कर नीचे खाई में गिर गई।

इन नामों से हुए मृतकों की पहचान

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान बाबूराव (50), उनकी पत्नी सारिका (38), बेटी साक्षी (19) और बेटे संस्कार (17) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए दोनों व्यक्तियों को सांडेराव कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार की रफ्तार तेज थी जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।

Exit mobile version