Rajasthan सरकार ने अपराध के मामलों में तेजी से की है कार्रवाई : Sachin Pilot
September 11, 2023
जयपुरः राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने अपराध के मामलों में तेजी से कार्रवाई की है। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव आते ही ये जनता के बीच जाकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अपराध के मामले अधिक हुए हैं, लेकिन भाजपा के नेता राजस्थान में विधानसभा चुनाव को देखते हुए यहां कानून-व्यवस्था को मुद्दा बना रहे हैं।
राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को निशाना बनाए जाने पर पलटवार करते हुए पायलट ने दौसा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब भी कहीं कोई प्रकरण हुआ है, उस पर तुरंत कार्रवाई की गई है और (कुछ ही) घंटों में लोगों को पकड़ा गया है.. दोषियों पर संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.. उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।’’ पायलट ने कहा, ‘‘..घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन उसके तुरंत बाद कार्रवाई भी की गई है और हमारी हमेशा कोशिश रहती है कि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।’’
उन्होंने कहा, कि ‘बहरहाल बाकी राज्यों में जो कुछ हो रहा है उसको भी हमें देखना पड़ेगा.. मैं समझता हूं कि चाहे उत्तर प्रदेश हो या मध्य प्रदेश, वहां अपराध का ग्राफ ज्यादा है, लेकिन आज जब चुनाव का मुद्दा आ गया तो उन्हें (भाजपा नेताओं को) सब बातें याद आ रही हैं।’’ पायलट ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता पांच साल तक नजर नहीं आये और अब लोगों को गुमराह करने में लग गये हैं। भाजपा की परिवर्तन यात्राओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जो नेता ये भाषण दे रहे हैं, वे पांच साल से कहां गायब थे? पांच साल में किस भाजपा नेता को आपने सड़क पर देखा? पांच साल तो इन्होंने आपसी खींचतान में निकाल दिए। अब चुनाव आ गए हैं तो रथों पर चढ़ गए हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं।’’ कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि जी20 रात्रिभोज में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए था।