
Daulal Vaishnav : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे। उनका एम्स जोधपुर में इलाज चल रहा था, जहां सुबह 11:52 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। एम्स जोधपुर ने एक प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी। प्रेस नोट में कहा गया है कि डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन टीम के बेहतरीन प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रेस विज्ञप्ति में लिखा है, ‘बड़े दुख के साथ सूचित किया जाता है कि माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के पिता श्री दाऊलाल वैष्णव (81 वर्ष) का 08 जुलाई 2025 को सुबह एम्स जोधपुर में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और एम्स जोधपुर में उनका इलाज चल रहा था। मेडिकल टीम के हर संभव प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रेस नोट में आगे लिखा गया है, ‘एम्स जोधपुर परिवार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।’ उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि दाऊलाल वैष्णव को जानने वाले भी दुखी हैं। हर आम और खास व्यक्ति सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहा है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने दाऊलाल वैष्णव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन की खबर बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर पवित्र आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।’
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने दुख व्यक्त करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, ‘रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पूज्य पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर महान आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।’
मेष: दिन शुभ रहेगा...